आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के व्यस्ततम रुई की मंडी (फाटक संख्या 77) मंगलवार 13 जनवरी से छह दिन के लिए बंद होने जा रहा है. सुबह 8 बजे से फाटक को बंद कर यातायात रोक दिया जाएगा जो कि 18 जनवरी को शाम पांच बजे तक रहेगा. इससे शाहगंज, सराय ख्वाजा, अर्जुन नगर, ईदगाह, टाटा गेट से धनौली तक के लाखों लोग प्रभावित होंगे.
रेलवे की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार ईदगाह -बांदीकुई खंड पर फाटक सं.- 77 / SPL (शाहगंज) किमी 81/4-A से 81/4-C पर अनुरक्षण का कार्य दिनांक 13.01.2026 से 18.01.2026 तक होना है. यह कार्य समपार पर सडक यातायात रोके बिना नहीं किया जा सकता है. यह कार्य सुरक्षा की दृष्टि से अति आवश्यक है. रेल प्रशासन द्वारा अनुरक्षण का कार्य 13 जनवरी को सुबह 8 बजे से 18 जनवरी को शाम 05 बजे तक सड़क यातायात बंद रहेगा. गेट बन्द के दौरान रेल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क यातायात का वैकल्पिक मार्ग खेरिया पुल -ईदगाह मार्ग से गुजारने की व्यवस्था की गयी है.